पीलीभीत। आजादी के अमृत भाव को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को गांधी स्टेडियम से निकली हर घर तिरंगा रैली ने शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। हाथों में तिरंगा थामे पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव मिश्रा और जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने रैली का नेतृत्व किया। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ शुरू हुई रैली में देशभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। शहर के गांधी स्टेडियम से शुरू हुई रैली गौहनिया चौराहा होते हुए ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज पहुंची, जहां इसका समापन समारोह हुआ। रैली में वीरांगना अवंतीबाई, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज, सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज, एसएन इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, लिटिल एंजिल्स, चिरौंजी लाल वीरेंद्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, हाफिज रहमत खां इंटर कॉलेज समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और एनसीसी कैडेट्स ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
रैली में मिशन शक्ति टीम की सहभागिता ने राष्ट्रप्रेम के साथ महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश भी दिया। टीम ने महिला एवं बालिका सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति लोगों को जागरूक किया। छात्र-छात्राओं के हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने माहौल को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
समापन समारोह में एसपी सुकृति माधव ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान महज एक आयोजन नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के हृदय में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रवाद की भावना को और प्रगाढ़ करने का माध्यम है। उन्होंने युवाओं और मिशन शक्ति टीम की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि महिला एवं बालिका सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने भी रैली में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाया। अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की कि अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराएं और राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को मजबूत करने में अपनी भागीदारी निभाएं।रैली में मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट प्यारे लाल मौर्य, क्षेत्राधिकारी नगर अमरनाथ वर्मा समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहा।