सुहेली नदी की डिसिल्टिंग को लेकर विधायक रोमी साहनी सख्त
अधिकारियों को दिए जल्द स्टडी टीम बुलाने के निर्देश

पलियाकलां-खीरी। तहसील पलिया क्षेत्र में 18 वर्षों से किसानों के लिए नासूर बनी सुहेली नदी की डिसिल्टिंग (गाद सफाई) की मांग अब तेज हो गई है। अपनी फसलों को हर साल बाढ़ की तबाही से बचाने के लिए धरने पर बैठे किसानों के समर्थन में पलिया विधायक रोमी साहनी ने सख्त रुख अपना लिया है। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों का धरना तभी समाप्त होगा जब स्टडी टीम मौके पर पहुंचकर नदी का अध्ययन करेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विधायक रोमी साहनी ने अपने पलिया स्थित आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई। इस बैठक में डिप्टी डायरेक्टर दुधवा, रेंजर दुधवा, एसडीएम पलिया, तहसीलदार पलिया, सीओ पलिया और इंस्पेक्टर पलिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में विधायक ने किसानों की 18 साल पुरानी समस्या पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सुहेली नदी में गाद भरने के कारण हर साल बारिश में बाढ़ आती है, जिससे किसानों की हजारों एकड़ फसल बर्बाद हो जाती है और गांवों में तबाही मचती है। किसान भाई अपनी इसी मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं।
विधायक रोमी साहनी ने अधिकारियों से कहा कि स्टडी टीम के आने की तिथि और समय जल्द से जल्द निर्धारित किया जाए, ताकि किसानों को स्पष्ट जानकारी दी जा सके। उन्होंने कहा कि सुहेली नदी की डिसिल्टिंग की तैयारी अभी से शुरू की जानी चाहिए, जिससे इस समस्या का स्थायी समाधान निकल सके।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पिछले 18 वर्षों से किसान और ग्रामीण इस समस्या से जूझ रहे हैं, अब उनकी समस्याओं की अनदेखी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई शुरू करनी होगी।
विधायक ने उम्मीद जताई कि स्टडी टीम के मौके पर पहुंचने और डिसिल्टिंग की दिशा में ठोस पहल होने से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी और भविष्य में फसलों व गांवों को होने वाले नुकसान से बचाया जा सकेगा।



