संदिग्ध परिस्थितियों में संविदा लाईन मैन की मौत
कमरे में चादर के सहारे पंखे से लटका मिला शव, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

सरेनी,रायबरेली। थाना क्षेत्र के बेनी माधवगंज गांव में सोमवार सुबह संविदा लाइनमैन हरिकेश का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर कमरे में पंखे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। शव चादर के सहारे लटका था। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों के मुताबिक, रविवार रात खाना खाने के बाद हरिकेश कमरे में सोने चला गया था। सोमवार सुबह काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों ने दरवाजा खट-खटाया।
दरवाजा अंदर से बंद होने पर किसी तरह हाथ डालकर उसे खोला गया। अंदर का दृश्य देखकर परिजन दंग रह गए। हरिकेश पंखे से चादर के सहारे लटका हुआ था। परिजनों ने पुलिस को सूचना देने से पहले ही आनन-फानन शव को नीचे उतार लिया। उनके मुताबिक,तब तक हरिकेश की मौत हो चुकी थी। बताया गया कि घटना के समय उसका छोटा बेटा दूसरी मंजिल पर पिता अमृत लाल बाहर बरामदे में व पत्नी शालू और बड़ा बेटा घर के अंदर सो रहे थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस घटना की परिस्थितियों और परिवार के सदस्यों से मिली जानकारी के आधार पर छानबीन कर रही है। फिलहाल पुलिस घटना की हर एंगल से जांच में जुटी है। हरिकेश ने आत्महत्या की या उसकी मौत के पीछे कोई और वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
पोस्टमार्टम को लेकर अड़े परिजन:संविदा लाइनमैन हरिकेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने के दौरान परिजनों ने आपत्ति जताते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने से मना कर दिया। इसको लेकर कुछ देर के लिए मौके पर माहौल गरमा गया। परिजन शव का पोस्टमार्टम न कराने की मांग पर अड़ गए। पुलिस ने परिजनों को समझाते हुए कानूनी प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की। पुलिस ने उन्हें पोस्टमार्टम की आवश्यकता और आगे की जांच में इसकी भूमिका के बारे में समझाया। काफी मान-मनौव्वल के बाद परिजन शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने पर सहमत हो गए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों को स्पष्ट करने में मदद मिलेगी। मामले में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।



