संदिग्ध परिस्थितियों में मिली पंचायत सहायिका की लाश

परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका,पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की ओर से तहरीर मिलने का पुलिस कर रही इंतजार
नागल। गांव लाखनोर में पंचायत सहायिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान कोमल (27) पुत्री विजेंद्र के रूप में हुई, जो अपने ही गांव में पंचायत सहायिका के पद पर तैनात थी।
शुक्रवार सुबह कोमल का शव चारपाई पर पड़ा मिलने पर परिजन घबरा गये और गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर नागल पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। बताया जा रहा है कि मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं, जिसके चलते पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाये हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम यादव ने बताया कि मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कार-बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार की मौत, एक घायल
नागल। पंचकूला-देहरादून हाईवे पर कार व बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार थाना देहात कोतवाली के नेहरतपुर निवासी नवाब और सुरेश बाइक पर सवार होकर लाखनौर से पंचकूला-देहरादून हाईवे होते हुए गांव लौट रहे थे। रात करीब 8:30 बजे जैसे ही वे जैनपुर की ओर बढ़े, सामने से आ रही एक कार से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में करीब 50 वर्षीय सुरेश पुत्र तेजपाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि नवाब गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल नवाब को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा।
हादसे के बाद कार चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राधेश्याम यादव ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



