शासन की मंशा के अनुरूप हर रविवार को लग रहा आरोग्य मेला : सीएमओ
सीएचसी अधीक्षक डॉ अमित बोले..."दवाओं की 100% उपलब्धता, मरीजों को मिल रहा बेहतर उपचार

लखीमपुर-खीरी। स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर पर परखने और शासन की मंशा के अनुरूप मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों को सफल बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता रविवार को भी फील्ड में डटे रहे। उन्होंने दोपहर करीब 1 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लगुचा और खीरी टाउन का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी।
रविवार को भी ड्यूटी पर मुस्तैद मिला स्टाफ
निरीक्षण के दौरान दोनों ही केंद्रों पर तस्वीर सुखद रही। रविवार के अवकाश के बावजूद नियमित और संविदा पर तैनात डॉक्टर, स्टाफ नर्स व लैब टेक्नीशियन पूरी मुस्तैदी से मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं देते मिले। दवाओं की शत-प्रतिशत उपलब्धता और साफ-सफाई चाक-चौबंद मिली।
लगुचा में एक माह में 40 डिलीवरी का रिकॉर्ड
पीएचसी लगुचा में डिलीवरी रजिस्टर के अवलोकन में बीते एक माह में 40 प्रसव कराए जाने की जानकारी मिली। परिसर में आंधी-तूफान से गिरे पेड़ों को देखकर सीएमओ ने वन विभाग के अधिकारियों से बात कर उन्हें तत्काल हटवाने के निर्देश दिए।
खीरी टाउन में आयुष डॉक्टर भी दे रहे थे सेवाएं
इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित बाजपेई भी निरीक्षण में साथ रहे। बाद में दोनों अधिकारी खीरी टाउन पीएचसी पहुंचे, जहां आयुष चिकित्सक भी जन आरोग्य मेले में सेवाएं देते मिले।
सफाईकर्मी की पीठ थपथपा कर बढ़ाया हौसला
अच्छी साफ-सफाई मिलने पर सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला सरकार की प्राथमिकताओं में है और जनपद इसमें बढ़-चढ़कर सहभागिता कर रहा है।
सीएमओ ने कहा कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला सरकार की प्राथमिकताओं में है और इसमें दी जा रही सेवाएं आम जनमानस तक पहुंच रही हैं, जिसमें जनपद लखीमपुर-खीरी बढ़-चढ़कर सहभागिता कर रहा है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित बाजपेई ने भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप हर रविवार को मेलों का आयोजन कर आम जन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं।



