सीएम धामी के दौरे से पहले पुलिस का एक्शन, काले झंडों की तैयारी पर कांग्रेस नेता मनोज धनगर हिरासत में

गौरव कुमार। हरिद्वार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सिडकुल आगमन से पहले पुलिस और खुफिया विभाग अलर्ट हो गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में किसी तरह का व्यवधान न हो, इसके लिए पुलिस ने गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह बजे कांग्रेस नेता मनोज धनगर को ब्रह्मपुरी स्थित उनके आवास से डिटेन कर लिया।
बताया गया कि पुलिस जब उनके घर पहुंची, उस समय वह नहा रहे थे। पुलिस के अनुसार, मनोज धनगर द्वारा मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने की तैयारी की जा रही थी। उनके पास बड़ी संख्या में काले झंडे होने की बात भी सामने आई। विरोध अंकिता भंडारी प्रकरण और एसआईआर के मुद्दे को लेकर किए जाने की जानकारी पुलिस को मिली थी।
सूचना मिलने पर सिडकुल एसएसआई प्रवीण बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मनोज धनगर को डिटेन कर लिया। उनके साथ प्रवीण धनगर, पवन पाल धनगर, हर शरण बालियान, प्रवेश कटारिया, बबलू धनगर, बॉबी चौधरी, जगदीश धनगर और मोहित बाबर समेत अन्य लोग मौजूद बताए गए। वहीं, मनोज धनगर ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए।
उनका कहना है कि वे संवैधानिक अधिकारों के तहत अपनी बात रखने की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कहने पर पुलिस प्रशासन लोगों को संविधान के दायरे में रहकर भी अपनी बात रखने की अनुमति नहीं दे रहा है। उनका कहना है कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।





