पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) आकाश सिंह ने क्षेत्र की विभिन्न साधन सहकारी समितियों का औचक निरीक्षण किया। धनवारा स्थित साधन सहकारी समिति पहुंचकर उन्होंने खाद वितरण, अभिलेखों और किसानों को दी जा रही सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान समिति का सचिव निर्धारित समय से देरी से पहुंचा, जिस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए कड़ी फटकार लगाई।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र किसानों को बिना किसी अनावश्यक देरी के खाद उपलब्ध कराई जाए और वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी रखी जाए। एसडीएम आकाश सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि यदि किसी किसान की खतौनी या आधार कार्ड में तकनीकी त्रुटि हो, तो उसे खाद से वंचित न किया जाए। शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को प्राथमिकता के आधार पर खाद उपलब्ध कराते हुए उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने किसानों से अपील की कि खाद वितरण या समिति से जुड़ी किसी भी समस्या की शिकायत सीधे उपजिलाधिकारी कार्यालय में करें।
शिकायतों का त्वरित निस्तारण कराया जाएगा। एसडीएम ने बताया कि क्षेत्र की अन्य साधन सहकारी समितियों का भी औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेगा, ताकि खाद वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।










