बारिश बनी बिजली संकट की वजह, आठ घंटे तक ठप रही सप्लाई

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। हल्की बारिश के बाद अमेठी पावर हाउस की 33 केवी लाइन में आए फाल्ट के कारण मंगलवार को करीब आठ घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। सुबह लगभग 10 बजे लाइन ब्रेकडाउन होने के बाद रात 8:25 बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी, जिससे क्षेत्र के लाखों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आरोप है कि फाल्ट की सूचना समय रहते संबंधित अधिकारियों को दे दी गई थी, लेकिन न तो अवर अभियंता (जेई) अशोक राव मौके पर पहुंचे और न ही सहायक अभियंता (एई) रमेश सोनी ने स्थल का निरीक्षण किया।

कर्मचारियों द्वारा फाल्ट की जानकारी तत्काल अधिकारियों को दिए जाने के बावजूद घंटों तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। बिजली गुल रहने से लोगों को पेयजल, घरेलू कार्यों और व्यापारिक गतिविधियों में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले की शिकायत अधिशाषी अभियंता, मोहनलालगंज योगेश जायसवाल से की गई। उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की जानकारी उन्हें है और यदि संबंधित जेई एवं एई की लापरवाही पाई जाती है तो उनके विरुद्ध लिखित रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *