संत रविदास जी के 650 प्रकाश वर्ष पूर्व “ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न, छोट-बड़ो सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न” के संदेश को प्रधानमंत्री ने पूरा किया पूरा-मुख्यमंत्री
सीएम योगी ने संत रविदास के सामाजिक समरसता व समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का लोगों से आह्वान किया
भदोही जिले का नाम संत रविदास नगर ही रहेगा- सीएम योगी
संत रविदास ने समाज को जोड़ने के लिए अनेकों कार्य 650 साल पहले किया था-बृजेश पाठक
आदमपुर एयरपोर्ट का नाम संत शिरोमणि रविदास जी के नाम पर रखा गया : तरुण चुग
सुशील कुमार मिश्र। वाराणसी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे और संत शिरोमणि सद्गुरु संत श्री रविदास महाराज जी की 650वें प्रकाश वर्ष के पावन अवसर पर सीर गोवर्धनपुर स्थित उनके जन्म स्थली मंदिर में सिर नवाया और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। उसके बाद उन्होंने पास ही रविदास स्मारक में रविदास जी के विशाल कास्य प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित की। तत्पश्चात् मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास पार्क के पास मैदान में विशाल जनसभा में समरस संकल्प अभियान का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत् शुभारम्भ किया। जो एक राष्ट्रव्यापी सामाजिक संपर्क अभियान है। यह अभियान लगभग सात महीने तक चलेगा और इसका उद्देश्य संत रविदास के समता, सामाजिक सद्भाव और जाति-विहीन समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा सामाजिक समरसता और सद्भाव का संदेश देना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौके पर मौजूद विशाल जन सभा में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए हर हर महादेव के उदघोष तथा संत शिरोमणि रविदास जी की जयकारा लगाई। उन्होंने लोगो से संत रविदास के सामाजिक समरसता व समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास ने समरसता, समानता और मानवता का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचार सामाजिक भेदभाव को समाप्त कर राष्ट्र निर्माण की दिशा दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास की शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है, ताकि समाज में सद्भाव और एकता और मजबूत हो सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संत रविदास जी ने संत रामानंद के अभियान अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति का कल्याण को चरितार्थ किया। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी की सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति का कल्याण करके विकसित भारत के अभियान को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने मां गंगा के प्रति अपनी असीम भक्ति प्रदर्शित करते हुए ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ को उल्लेखित किया। संत रविदास जी महाराज भेदभाव से रहित समतामूलक समाज के अग्रसर थी। उन्होंने कहा संत रविदास जी कहते थे “ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न, छोट-बड़ो सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न” को प्रधानमंत्री ने पूरा करने का कार्य अन्न योजना से किया। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना बिना जात पात देखे वर्ष 2020 से निरंतर 81 करोड़ लोगों तक पहुंचाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों विशेष रूप से समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि सपा सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज का नाम बाबा अंबेडकर के नाम से बदल दिया था, जिसको हमने पुनः बाबा अम्बेडकर के नाम पर किया। उन्होंने औरैया मेडिकल कॉलेज का नाम माता अहिल्याबाई के नाम पर किया गया। उन्होंने कहा भदोही जिले का नाम संत रविदास नगर के नाम पर ही रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जालंधर एयरपोर्ट का नामकरण संत रविदास जी के नाम पर और अयोध्या अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम संत बाल्मीकि के नाम पर किया गया है। उन्होंने कहा निर्माण श्रमिकों के उत्थान हेतु सरकार ने कई व्यवस्थाएं की हैं, जिसमें उनके बच्चों की पढ़ाई हेतु 18 मंडलों पर अटल आवासीय विद्यालय बनाए गए हैं, जिसमें वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ श्रमिकों के बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा की सरकार प्रदेश में सभी जिलों में बाबा अम्बेडकर के नाम पर मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय बनाने का कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में समतामूलक समाज की स्थापना हेतु सभी परम्पराओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। एक समरस समाज बने, इसी विश्वास के साथ गुरु रविदास जी के 650 वीं जन्मशती समारोह पर इतने बड़े आयोजन के लिए सभी को शुभकामनाएं दीं। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी संत रविदास जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए सभी को इनके बताए जीवन पर चलने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने डॉ भीमराव अंबेडकर के संविधान सभा में समानता और भाईचारा का संदेश को बताते हुए कहा कि उन्होंने कहा था कि मैंने संत रविदास जी के जीवन से उन्होंने दोनों को लिया था। उन्होंने गुरु रविदास के भजन ‘प्रभुजी तुम चंदन मैं पानी’ को भी गाकर सभी को सुनाया।

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने उपस्थित समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि समरसता संकल्प अभियान में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनन्दन किया तथा कहा कि इतनी बड़ी पार्टी का कार्यकर्ता होने पर मैं अपने को गौरवान्वित महसूस करता हूं। इस अभियान से हम सरकार द्वारा किए गए कार्यों से सभी को जोड़ने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी की प्रतिमा के सामने दीपोत्सव के साथ उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य सभी कार्यकर्ता करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सभी विधानसभा में संत रविदास समेत सभी विभूतियों के मूर्तियों को बचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी ने कहा था संत रविदास जी ने समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को उच्च स्तर पर लाने का कार्य किया था। संत रविदास जी के विचारों को मानने वाले एक-एक व्यक्ति तक हम जाकर उनको जोड़ने का कार्य करेंगे। संत रविदास जी की पावन माटी पूरे देश में सभी बूथों तक जाएगी।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कार्यक्रम में उपस्थित समुदाय को संबोधित करते हुए संत रविदास जी के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने इतनी बड़ी संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए धन्यवाद भी दिया। यह जन्मभूमि संत रविदास जी की पावन भूमि है तथा प्रधानमंत्री जी का कार्यक्षेत्र भी है। यह समरसता का आयोजन पुण्य संत शिरोमणि रविदास जी के आदर्शों पर चलने को हमें प्रेरित करता है। उन्होंने कहा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संत रविदास के कहे वाक्य “ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न छोट-बड़ो सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न” को अपने शासन में चरितार्थ किया है। उन्होंने सपा सरकार में संत रविदास नगर का नाम बदलकर भदोही करने को भी आड़े हाथों लिया। विपक्ष के लोग संतों का अपमान करते हैं। अंत में उन्होंने सभी को गुरु पूर्णिमा की हार्दिक बधाइयां भी दीं। उन्होंने संत रविदास के दोहे ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ को भी उद्घोषित किया।
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संत रविदास के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके रचित अनेकों दोहों को भी सुनाया। उन्होंने कहा कि यह विशाल आयोजन देश में समरसता का संदेश देने में सफल होगा। इतनी भारी संख्या में आने के उन्होंने सभी को धन्यवाद भी दिया। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने समाज को जोड़ने के लिए अनेकों कार्य 650 साल पहले किया था। उन्होंने सभी को गुरु पूर्णिमा की बधाई भी दी।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्य सभा सदस्य तरुण चुग ने कहा कि आज संत रविदास जी की पवित्र नगरी के लिए प्रधानमंत्री के प्रयासों से दो ट्रेनों का संचालन पंजाब से किया जा रहा है। उन्होंने बताया देश के दो प्रमुख एयरपोर्ट का नाम महान विभूतियों के नाम पर रखा गया है, जिसमें अयोध्या एयरपोर्ट का नाम बाल्मीकि जी तथा आदमपुर एयरपोर्ट का नाम संत शिरोमणि रविदास जी के नाम पर रखा गया। उन्होंने कहा कि संत रविदास के संदेश कोई गरीब भूखा नहीं सोये, उसी को प्रधानमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री अन्न योजना के द्वारा बढ़ाते हुए 81 करोड़ लोगों को लाभांवित किया जा रहा, ताकि कोई भी गरीब भूखा नहीं सोने पाए। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति भी अपने बहुमूल्य समय से समय निकालने पर कृतज्ञता व्यक्त की।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने सीर गोवर्धनपुर में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के 650वें समरसता संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य रूप से कहा कि संत गुरु रविदास जी ने समरसता, समानता और सामाजिक न्याय का जो संदेश दिया, वही भारत की सांस्कृतिक आत्मा है। कहा कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पूरे देश में चलेगा और संत रविदास के विचारों को गांव-गांव तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का कार्य करेगा कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने संत रविदास जी से जुड़े तीर्थस्थलों के विकास, उनके सम्मान और विरासत के संरक्षण के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान, अवसर और भागीदारी पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा संत रविदास के “समरस समाज” के आदर्श को जन-जन तक ले जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे अभियान के माध्यम से जातिगत भेदभाव मिटाने, सामाजिक सद्भाव बढ़ाने और संत रविदास के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत कलश यात्रा, समरसता संगोष्ठी, संत संपर्क, दीपोत्सव, समरसता यात्रा और युवा संवाद जैसे कार्यक्रम पूरे देश में आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के संयोजक एवं भाजपा अनुसूचित मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने विषय प्रस्तावना रखते हुए बताया कि अभियान के 5 महत्वपूर्ण चरण है।
जिसमें 29 जुलाई 2026-10 सितंबर 2026 तक। “श्री गुरु रविदास महाराज कलश वंदन अभियान”- राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, और मंडल स्तर तक 29 जुलाई 2026 से 31 अगस्त 2026। “संत संपर्क अभियान” 5 अक्टूबर 2026 से 5 नवंबर 2026। श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा” (जालंधर से काशी तक) राज्य-जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश। 26 नवंबर- ल15 जनवरी 2027। “श्री गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान चलेगा। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम के संयोजक व अनुसूचित मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने व धन्यवाद ज्ञापन समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने संत निरंजन दास को भी सम्मानित किया।









