सहकारिता मंत्री ने की मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के सफलता की कामना

- नवरात्रि पर यूपी सहकारी ग्राम विकास बैंक में हुई विधिवत पूजन एवं हवन
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड, लखनऊ के प्रधान कार्यालय में विधिवत पूजन एवं हवन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर एवं बैंक के अध्यक्ष विवेक सिंह तोमर की ओर से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना की सफलता तथा प्रदेश की खुशहाली की कामना की गई। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव सहकारिता अजय कुमार शुक्ला, अपर निबंधक (बैंकिंग) अनिल सिंह, संयुक्त सचिव, अनिल सिंह, सहकारिता विभाग, प्रबंध निदेशक आरके कुलश्रेष्ठ एवं मुख्य महाप्रबंधक रत्नाकर सिंह सहित सहकारिता विभाग और बैंक के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रदेश के किसानों के कल्याण एवं मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के सफल क्रियान्वयन के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत लघु एवं सीमांत किसानों को उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के माध्यम से 6 प्रतिशत ब्याज दर पर 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इस योजना से किसानों को कृषि संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति करने और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने में सहायता मिलती है। कार्यक्रम के अंत में प्रदेश के किसानों की समृद्धि, खुशहाली एवं सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



