सड़क किनारे तालाब में उतराता मिला युवक का शव

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बंथरा इलाके में मंगलवार दोपहर बनी-मोहान रोड किनारे पानी से भरे तालाब में एक युवक का शव उतराता मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर शिनाख्त कराई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक बहराइच जिले के नानपारा थाना के जोधापुर निवासी अर्जुन (30) बंथरा के बेंती स्थित रामगढ़ी के पास बनी-मोहान रोड किनारे सेफ एक्सप्रेस कूरियर के वेयरहाउस परिसर में बने कमरे में रहता था। वह पिछले दो महीने से यहां लोडिंग-अनलोडिंग का काम कर रहा था। रविवार दोपहर करीब तीन बजे वह अपने कमरे में ताला लगाकर कहीं चला गया। रात नौ बजे से उसकी ड्यूटी थी, लेकिन वह वापस नहीं लौटा।
इस पर वेयरहाउस में काम करने वाले अन्य मजदूरों ने उसके दोस्त बबलू को इसकी जानकारी दी। बबलू भी अर्जुन के गांव के आसपास का रहने वाला है और उसके साथ काम करता है। वह वेयरहाउस के बाहर किराये के कमरे में पत्नी के साथ रहता था, लेकिन कुछ दिन पहले पत्नी को लेकर गांव चला गया था। अर्जुन के लापता होने की सूचना मिलते ही बबलू रविवार रात गांव से लौट आया और अर्जुन की तलाश करने लगा, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं मिला। सोमवार को उसने अर्जुन के परिजनों को सूचना दी।
लेकिन मंगलवार दोपहर वेयरहाउस से करीब 200 मीटर दूर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे के कर्मचारियों ने पास के तालाब में शव उतराता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से उसकी पहचान कराई तो शव अर्जुन का निकला। मृतक बनियान और अंडरवियर पहने पानी में औंधे मुंह पड़ा था और उसका शव काफी फूल चुका था,उससे काफी दुर्गंध भी उठ रही थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक अर्जुन शराब पीने का आदी था। रविवार को वह नशे की हालत में वेयरहाउस के बाहर घूमता दिखाई दिया था। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मामले की जांच के बाद ही उसकी मौत का सही कारण पता चल सकेगा।



