रागनी की तान पर झूमे दर्शक, देर रात तक गुलजार रहा मेला श्रावणी का मंच

-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अंतिम कड़ी में मंडी स्थल पर हुआ रागनी कंपटीशन
-लोकगीतों और पारंपरिक नृत्य ने बांधा समां, कलाकारों को तालियों से मिली दाद
पायनियर समाचार सेवा, खतौली।
मेला श्रावणी के तहत नगर पालिका परिषद की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला का समापन रविवार रात मंडी स्थल पर आयोजित भव्य रागनी कंपटीशन के साथ हुआ। रागनी कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों और महिला कलाकारों के पारंपरिक नृत्य ने ऐसा समां बांधा कि देर रात तक दर्शक अपनी जगहों पर जमे रहे। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक झूमते नजर आए और तालियों की गड़गड़ाहट से मंडी स्थल गूंजता रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन सपा नेता लतेश बिधूड़ी और पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने संयुक्त रूप से किया। आयोजक सभासद संतोष गुर्जर, सभासद पति कपिल मोतला, सभासद दिमाग सिंह और सभासद कमल वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। उद्घाटन के बाद जैसे ही मंच पर रागनी की प्रस्तुति शुरू हुई, दर्शकों में उत्साह दिखाई देने लगा। रागनी कंपटीशन में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कलाकारों ने लोक संस्कृति, सामाजिक सरोकार और पारंपरिक विषयों पर आधारित रागनियां प्रस्तुत कर श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। कलाकारों की सधी हुई आवाज और प्रभावी प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों और दाद के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में महिला कलाकारों ने भी पारंपरिक रागनियों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। मंच पर रागनी की धुन छिड़ते ही दर्शकों में उत्साह की लहर दौड़ जाती। प्रतियोगिता में कलाकारों ने एक-दूसरे को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से कड़ी टक्कर दी। मंच पर हरियाणवी रागनी और लोक संस्कृति की रंगीन झलक देखने को मिली। मंडी स्थल पर देर रात तक दर्शकों की भीड़ मौजूद रही। पसंदीदा प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और कलाकारों की हौसला अफजाई की। कार्यक्रम अपने अंतिम चरण तक दर्शकों से गुलजार रहा। नगर पालिका परिषद की ओर से मेला श्रावणी के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विभिन्न विधाओं के कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। अंतिम कड़ी के रूप में आयोजित रागनी कंपटीशन ने भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम के आयोजन में रामकेश गुर्जर, पालिका अध्यक्ष हाजी शाहनवाज, भाजपा नेता अभिषेक सिंह, सभासद सत्तार सभासद मनोज सैनी समेत अन्य लोगों का सहयोग रहा।



