पुलिस उपायुक्त पश्चिम की अपराध गोष्ठी में अपराध नियंत्रण एवं आगामी पर्वों की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में दिए गए दिशा-निर्देश

पायनियर संवाददाता । घाटमपुर
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी द्वारा पश्चिम जोन कार्यालय, गुरुदेव चौराहा, कमिश्नरेट कानपुर नगर में अपराध गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिम, सहायक पुलिस आयुक्त कल्याणपुर सहित पश्चिम जोन के समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे। गोष्ठी में पूर्व में घटित अपराधों, उनके अनावरण की स्थिति, लंबित विवेचनाओं, वांछित अभियुक्तों, वारंट/एनबीडब्ल्यू तथा वर्तमान अपराध प्रवृत्तियों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी नवदुर्गा/दशहरा पर्व एवं दुर्गा प्रतिमा स्थापना व विसर्जन के दृष्टिगत प्रतिमा स्थलों, विसर्जन मार्गों, संवेदनशील स्थानों एवं यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के उपरांत लंबित विवेचनाओं का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, वारंट/एनबीडब्ल्यू की तामीली तथा महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों, साइबर एवं संगठित अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई** के निर्देश दिए गए। आगामी पर्वों के दौरान प्रतिमा स्थलों एवं विसर्जन मार्गों पर पर्याप्त पुलिस प्रबंध, आयोजकों से समन्वय, प्रभावी गश्त एवं चेकिंग सुनिश्चित करने के साथ जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण एवं आमजन से बेहतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए।



