पुलिस अभिरक्षा से फरार 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

पायनियर संवाददाता।बरेली
कोतवाली पुलिस ने न्यायालय परिसर से पुलिस अभिरक्षा के दौरान फरार हुए 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त सचिन सिंह ठाकुर को बुधवार तड़के मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में एक मुख्य आरक्षी भी घायल हो गया। पुलिस ने मौके से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया 21 अक्टूबर 2026 को थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित न्यायालय परिसर में पेशी के दौरान सचिन सिंह ठाकुर पुत्र निर्भन सिंह उर्फ चंद्रभान सिंह निवासी ठेरा की टाल, बंसी नगला, थाना सुभाषनगर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। इस मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 528ध्26 के तहत बीएनएस की धारा 261ध्262 में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही थीं।
बुधवार तड़के मुखबिर से सूचना मिली कि फरार अभियुक्त रेलवे स्टेशन के आगे नॉर्थ कॉलोनी के पास मौजूद है। सूचना पर कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। 28 अक्टूबर को सुबह करीब 3ः35 बजे एक व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली मुख्य आरक्षी रवाब मियां के दाहिने बाजू को छूकर निकल गई।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें सचिन सिंह ठाकुर के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल अभियुक्त और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ पहले से आठ मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



