दीपावली पर मिलावटखोरों पर एफएसडीए का शिकंजा, करीब 4.5 क्विंटल खाद्य सामग्री जब्त

विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मिठाई निर्माण इकाइयों पर छापेमारी, बिना लाइसेंस चल रही इकाई बंद कराई
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। दीपावली पर मिलावटखोरी रोकने और लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए)ने अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को सहायक आयुक्त (खाद्य) विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीमों ने शहर में मिठाई निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। इस दौरान बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की गई। जांच में कुछ इकाइयों में साफ-सफाई की स्थिति असंतोषजनक मिली, जबकि एक इकाई बिना आवश्यक खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण के संचालित होती पाई गई।
विभागीय कार्रवाई के दौरान एक इकाई से 560 बॉक्स पतीसा रोल जब्त किए गए, जिनका कुल वजन 280 किलोग्राम और अनुमानित मूल्य 84 हजार रुपए बताया गया। इसके अलावा 648 किलोग्राम मैदा भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत 25,920 रुपये आंकी गई। संबंधित इकाई के खाद्य कारोबार पर नियमानुसार रोक लगाई गई। वहीं दूसरी टीम ने कल्याणपुर क्षेत्र में मिठाई निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। यहां आवश्यक खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण के बिना कारोबार संचालित होता मिला। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की कमी और खाद्य पदार्थों के निर्माण में स्वच्छता मानकों के पालन को लेकर भी खामियां पाई गईं।
टीम ने कार्रवाई करते हुए 348 किलोग्राम रसगुल्ला, 24 किलोग्राम टेलकम पाउडर और 28 किलोग्राम बताशा सहित अन्य सामग्री जब्त की। संबंधित इकाई का खाद्य कारोबार बंद कराया गया।दीपावली पर मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ मिलावटी और अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार खाद्य पदार्थों की बिक्री की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता मानकों और लाइसेंस संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।सहायक आयुक्त (खाद्य) विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया कि खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



