फरार चल रहा इनामी वांछित गिरफ्तार

- 50 हजार का इनामी 71 दिन बाद पुलिस के शिकंजे में
- इन्दिरा नगर वारदात में छह आरोपी हुए थे चिह्नित, पांच पहले ही हो चुके गिरफ़्तार, क्राइम ब्रांच ने फरार हिस्ट्रीशीटर को जरहरा मोड़ से दबोचा
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। इंदिरानगर में चोरी के प्रयास के दौरान घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर हमला करने के मामले में क्राइम ब्रांच लखनऊ ने बड़ी सफलता हासिल की है। लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपए के इनामी वांछित अभियुक्त दरबारी उर्फ ननकुन्ना को क्राइम ब्रांच ने जरहरा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। एडीसीपी क्राइम किरण यादव के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सीतापुर का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट-चोरी, एनडीपीएस, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
मामला 25 जुलाई 2026 का है। पुलिस के अनुसार, दो अज्ञात व्यक्ति घर के पीछे की दीवार फांदकर चोरी का प्रयास कर रहे थे। घरवालों ने विरोध किया तो आरोपियों ने वादी की माता, पिता और बहन के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में थाना इंदिरानगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी। जांच आगे बढ़ी तो वारदात में कुल छह आरोपियों की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस के मुताबिक घटना में शामिल उदयराज, विनोद वर्मा, फिरोज उर्फ बाबर उर्फ इम्तियाज उर्फ माथू और बिरजू उर्फ राजकुमार को गत आठ अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 25 हजार रुपए के इनामी सुरेश पासी उर्फ सुरेश रावत को गत 28 अगस्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। अब गिरोह के छठे और फरार चल रहे सदस्य दरबारी उर्फ ननकुन्ना की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने इस मामले में सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार दरबारी उर्फ ननकुन्ना लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था।
क्राइम ब्रांच की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थीं। इसी दौरान गत चार अक्टूबर को जरहरा मोड़ के पास पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त 51 वर्षीय दरबारी उर्फ ननकुन्ना, ग्राम भयापुर मजरा भगौतीपुर, थाना रामपुर मथुरा, जनपद सीतापुर का रहने वाला है। जो मजदूरी करता है और सीतापुर का हिस्ट्रीशीटर होने के साथ गैंग से भी जुड़ा रहा है।



