परिवार को जान से मारने की धमकी देने के दो आरोपी गिरफ्तार

उद्यम सेतु के जरिए कारोबार खड़ा करने का सपना दिखाकर फंसाने का आरोप
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। सोशल मीडिया पर आकर्षक योजनाओं का विज्ञापन देकर लोगों को कारोबार शुरू कराने और लाखों रुपए का लोन दिलाने का झांसा देने का मामला सामने आया है। विभूतिखंड थाना क्षेत्र में एक युवक से लघु उद्योग और स्टार्टअप शुरू कराने के नाम पर ऑनलाइन माध्यम से 10 लाख रुपए की ठगी करने का आरोप लगा है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि रकम देने के बाद भी उससे अतिरिक्त धनराशि की मांग की गई और विरोध करने पर उसे तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में विभूतिखंड पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इंस्पेक्टर विभूतिखंड उपेन्द्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया सआदतगंज निवासी अमन कुमार (21) ने 12 अक्टूबर 2026 को थाना विभूतिखंड में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने उद्यम सेतु के माध्यम से लघु उद्योग शुरू कराने और लोन दिलाने का भरोसा दिलाया। आकर्षक योजनाओं और आर्थिक सहायता का प्रलोभन देकर पीड़ित को अपने विश्वास में लिया गया और ऑनलाइन माध्यम से 10 लाख रुपए प्राप्त कर लिए गए।शिकायत के अनुसार, रकम लेने के बाद कथित तौर पर अतिरिक्त धनराशि की मांग की जाने लगी।
आरोप है कि रुपये देने से इनकार करने पर पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने, गंभीर शारीरिक नुकसान पहुंचाने तथा झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां दी गईं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।उच्चाधिकारियों के निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक विभूतिखंड उपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने 12 अक्टूबर को किसान बाजार स्थित ब्लेंट हाउस कैफे के पास से मामले में नामजद सादिक हसनैन और शोएब जफर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी बिहार के पटना जिले के निवासी बताए गए हैं।
गिरफ्तारी के बाद उनके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर विज्ञापनों के जरिए स्टार्टअप और लघु उद्योग के इच्छुक लोगों से संपर्क कर उन्हें आर्थिक सहायता का प्रलोभन दिया जाता था। आरोप है कि रकम प्राप्त करने के बाद अतिरिक्त धनराशि के लिए दबाव बनाया जाता था। पुलिस अब मामले में आरोपियों की भूमिका, संभावित सहयोगियों और इसी तरह की अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जांच कर रही है।



