पानी में फंसे दो साल के बच्चे व बुजुर्गों सहित 40 लोगों की बची जान

पुलिस और एसडीआरएफ कि टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। इस समय हो रही मूसलाधार बारिश के चलते गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में सरसवां गांव के पीछे गोमती ग्रीन ओरंजे के सामने निजी बिल्डर द्वारा काटी गई प्लॉटिंग में देखते ही देखते गोमती का पानी भर गया। सड़कें तालाब बन गईं और पानी मकानों के अंदर घुस गया। अचानक हुए जलभराव से बस्ती में रह रहे 15 परिवार अपने ही घरों में फंस गए। घरों में दो साल की मासूम स्वाराक्षी सहित महिलाएं और बुजुर्ग भी थे। पानी लगातार बढ़ता देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पानी में घुसकर रेस्क्यू अभियान चलाया और एक-एक कर 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाए गए लोगों में 35 वर्षीय सतीश मौर्य, 32 वर्षीय प्रियम, दो वर्षीय स्वाराक्षी और अयोध्याबृजेश कुमार सहित अन्य शामिल हैं। घंटों तक घरों में फंसे रहने के बाद सुरक्षित बाहर निकलने पर लोगों की जान में जान आई। इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि वहां रह रहे सभी लोगों को हटा दिया गया है। लोग अपने अपने मूल निवास या रिश्तेदारों के यहाँ चले गए हैं।



