पानी की बोतल में यूरिन मिलाकर छात्रा को पिलाने का आरोप
नौवीं के छात्र को स्कूल से निकाला इंदिरा नगर के सेंट्रल एकेडमी का मामला

विवाद के बाद हरकत करने का आरोप, प्रिंसिपल बोले दोबारा ऐसी घटना न हो, इसलिए बढ़ाए सीसीटीवी कैमरे
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। इंदिरा नगर स्थित सेंट्रल एकेडमी स्कूल में कक्षा नौ की एक नाबालिग छात्रा की पानी की बोतल में कथित तौर पर यूरिन मिलाकर पिलाने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि सहपाठी नाबालिग छात्र ने विवाद के बाद यह हरकत की। घटना की जानकारी होने पर स्कूल प्रशासन ने संबंधित छात्र को तत्काल निष्कासित कर दिया। वहीं, छात्रा के पिता ने आरोपी छात्र के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पुलिस कार्रवाई नहीं करने का फैसला लिया है। जानकारी के मुताबिक, बीते गुरुवार को स्कूल में बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
बताया जा रहा है कि एक बच्चे को मोटा कहे जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद गुस्साए छात्र ने कथित तौर पर छात्रा की पानी की बोतल में यूरिन मिला दिया और उसे पिला दिया। घटना की जानकारी स्कूल प्रशासन को मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की गई।
स्कूल के प्रिंसिपल डीपी सिंह ने बताया कि घटना को तत्काल संज्ञान में लेकर संबंधित छात्र के खिलाफ कार्रवाई की गई है। भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए स्कूल में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई गई है। साथ ही स्टाफ को बच्चों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।उधर, छात्रा के पिता ने आरोपी छात्र का भविष्य खराब न हो, इस वजह से पुलिस कार्रवाई से इनकार किया है। हालांकि, मामले में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज हुई है।



