पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बंथरा इलाके में बुधवार दोपहर तेज रफ्तार कंटेनर ने सामने से एक बाइक में ठोकर मार दी। जिससे बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बंथरा के किशुनपुर कौड़िया गाँव निवासी संदीप (25) बुधवार सुबह पास के एक गांव में मजदूरी करने गया था। जहां से वह दोपहर अपने घर खाना खाने आया था। खाना खाने के बाद दोपहर करीब दो बजे बाइक से वापस मजदूरी पर जा रहा था।
तभी किशुनपुर कौड़िया गांव के सामने बनी- मोहनलालगंज रोड पर जुनाबगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उसकी बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संदीप बाइक सहित कंटेनर के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। उधर इसी दौरान एयर फोर्स स्टेशन मेमौरा की बस से गुजर रहे एयर फोर्स स्टेशन के कर्मचारियों ने आनन-फानन संदीप को कंटेनर के नीचे से निकलकर घायलावस्था में जुनाबगंज स्थित प्रसाद हॉस्पिटल पहुंचाया।
लेकिन वहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। बाद में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में ले लिया और आगे की कार्रवाई कर रही है। मृतक संदीप के माता-पिता का काफी पहले निधन हो चुका है। उसके परिवार में अब भाई अमित, प्रदीप और अजीत हैं।










