पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। जनसेवा केंद्र से नकदी चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसके घर से कुल 34,200 रुपए बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। माल थाना क्षेत्र के ग्राम मसीढ़ा रतन निवासी अंश पुष्कर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके गांव में संचालित जनसेवा केंद्र से गत 13 जुलाई की दोपहर दुकान के अंदर रखे रैक से 22 हजार रुपए चोरी हो गए थे।
घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज की जांच करने पर हिमांशु पुत्र स्वर्गीय जनार्दन द्विवेदी, निवासी महीठा, थाना अतरौली, जनपद हरदोई चोरी करते हुए स्पष्ट दिखाई दिया। जांच के दौरान पीड़ित को यह भी जानकारी मिली कि गत 10 जुलाई को नारायणपुर निवासी ओमप्रकाश की दुकान से हुई 50 हजार रुपए की चोरी में भी इसी युवक पर संदेह जताया गया था। बताया गया कि उस समय आरोपी (यूपी 32 एनडी 3438) नंबर की मोटरसाइकिल से आया था।
बुधवार को पीड़ित और स्थानीय लोगों ने आरोपी को माल कस्बे स्थित शीतला माता मंदिर के पास उसकी मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 4,600 रुपए नकद बरामद हुए। इसके बाद आरोपी ने अपने घर से चोरी के 29,600 रुपए भी निकालकर पुलिस को सौंप दिए। इस प्रकार कुल 34,200 रुपए की बरामदगी हुई। माल इंस्पेक्टर नवाब अहमद ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।










