नवरात्रि पर सुरक्षा का पहरा, पूजा स्थलों का निरीक्षण

डीसीपी पूर्वी व एडीसीपी पूर्वी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, सतर्कता बरतने के दिए निर्देश
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए लखनऊ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस उपायुक्त पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा एवं अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी अमोल मुर्कुट ने विभिन्न दुर्गा पूजा स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों ने थाना गाजीपुर क्षेत्र के एचएएल चौकी और थाना गुडंबा क्षेत्र की गढ़ी चौकी के अंतर्गत स्थापित दुर्गा पूजा स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, आवागमन और यातायात व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही पूजा आयोजकों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान पूजा पंडालों और उनके आसपास के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
आयोजकों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर किसी भी संभावित समस्या का समय रहते समाधान करने पर भी जोर दिया गया।पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस का उद्देश्य है कि नवरात्रि, दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे तथा श्रद्धालु निर्भय होकर धार्मिक आयोजनों में शामिल हो सकें।



