SAI NSRC LUCKNOW : संडेज़ ऑन साइकल में 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, दिया नशा मुक्त भारत का संदेश

लखनऊ। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र (NSRC) लखनऊ में रविवार को स्कूल, कॉलेज एवं विश्वविद्यालय थीम पर संडेज ऑन साइकिल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में फिटनेस, साइकिलिंग और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ-साथ नशा मुक्त भारत अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।

कानपुर रोड स्थित SAI-NSRC परिसर में सुबह सात बजे शुरू हुए कार्यक्रम में हीरा लाल यादव स्कूल, हीरा लाल यादव डिग्री कॉलेज,एक्सेलिया स्कूल और जयपुरिया स्कूल के करीब 150 विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्त भारत की शपथ लेकर की। इस दौरान युवाओं से नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव के प्रति समाज को जागरूक करने और अभियान के सक्रिय दूत बनने का आह्वान किया गया।

इसके बाद प्रतिभागियों ने जुम्बा और योग सत्र में हिस्सा लिया। वहीं, SAI परिसर में निर्धारित छह किलोमीटर मार्ग पर साइकिल रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से साइकिलिंग को स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली के रूप में अपनाने का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों को टी-शर्ट और जलपान भी वितरित किया गया।

कार्यक्रम में हीरा लाल यादव स्कूल एवं डिग्री कॉलेज से मुकेश, एक्सेलिया स्कूल से सूर्य तथा जयपुरिया स्कूल से रवि वशिष्ठ विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेलकूद और फिटनेस गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी आत्मा प्रकाश, निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह, सहायक निदेशक मनीष कुमार और प्रवीण कुमार सीएम ने प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना करते हुए युवाओं से खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और फिट इंडिया तथा नशा मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में 150 से अधिक प्रतिभागियों ने प्रत्यक्ष रूप से हिस्सा लिया, जबकि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के NSRC लखनऊ के अधीन संचालित 100 खेलो इंडिया केंद्रों से लगभग 2,000 प्रतिभागी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। आयोजन के समापन पर प्रतिभागियों ने इसे फिटनेस और सामाजिक जागरूकता की दिशा में प्रभावी पहल बताया।

 

Senior Sports Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *