मेधावी छात्रायें बनीं प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य

संगोष्ठी आयोजित,रेवेन्यू विभाग की अधिकारी नेहा गुप्ता ने स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया
नकुड़। मिशन शक्ति अभियान के तहत एलजीएम इंटर कॉलेज में छात्राओं को सशक्त बनाने की अनोखी पहल की गई। जिले में नौवां स्थान प्राप्त करने वाली दो मेधावी छात्राओं को एक दिन का प्रधानाचार्य और प्रबंधक बनाया गया।
इस अवसर पर विद्यालय में एक संगोष्ठी आयोजित हुई। संगोष्ठी को मुख्य अतिथि रेवेन्यू विभाग की अधिकारी नेहा गुप्ता ने संबोधित किया। उन्होंने छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया और मिशन शक्ति अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला।इसके बाद कार्यक्रम के तहत छात्रा चारु गुर्जर को एक दिन के लिए प्रधानाचार्य और रौनक सैनी को प्रबंधक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रधानाचार्य की भूमिका निभाते हुए चारु गुर्जर ने इसे अपने जीवन का बहुमूल्य अवसर बताया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अनुशासन, नियमित उपस्थिति और पढ़ाई पर ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय में आए अभिभावकों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया। वहीं एक दिन की प्रबंधक बनी रौनक सैनी ने विद्यालय के कर्मचारियों की बैठक ली और परिसर में साफ-सफाई, अनुशासन और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सरस कुमार गोयल, प्रधानाचार्य कैप्टन गौरव मिश्रा, प्रवक्ता सुभाष गुप्ता, नोडल अधिकारी संध्या सिंह, सलीम मोहम्मद, पूनम त्यागी, भारत धीमान सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।



