मौत के मुंह से 5 बच्चों को खींच लाया रामू कश्यप, प्रधान ने किया सम्मान
प्रधान सविता मिश्रा ने स्मृति चिह्न व नकद धनराशि देकर किया सम्मानित, भाजपा नेता अनिल राठौर ने पटका पहनाकर बढ़ाया मान

लखीमपुर-खीरी। जिस वक्त मुल्लापुर के पास उफनता छोहा एक बोलेरो को बच्चों समेत निगल रहा था और चारों तरफ चीख-पुकार मची थी, उस वक्त गांव के रामू कश्यप ने वो कर दिखाया जो बड़े-बड़ों के बस की बात नहीं। बिना अपनी जान की परवाह किए वह तेज बहाव में कूद गया और बोलेरो में फंसे पांच मासूमों को सकुशल बाहर निकालकर नया जीवन दिया।
जानकारी मुताबिक,शनिवार सुबह हुई इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में रामू की बहादुरी के चर्चे हैं। इसी साहस को सलाम करने के लिए ग्राम प्रधान सविता मिश्रा और भाजपा नेता अनिल राठौर मुल्लापुर पहुंचे और हीरो रामू कश्यप का सम्मान किया।
पसगवां विकासखंड की ग्राम प्रधान सविता मिश्रा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह सिर्फ विकास कार्यों में ही नहीं बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी सबसे आगे रहती हैं। मुल्लापुर गांव के पास उफनते छोहे में डूबी बोलेरो से 5 बच्चों की जान बचाने वाले रामू कश्यप को सम्मानित कर उन्होंने मानवता की मिसाल पेश की है।
मुल्लापुर पहुंचकर प्रधान सविता मिश्रा ने रामू कश्यप को स्मृति चिह्न और नकद धनराशि भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रामू ने संकट की घड़ी में अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में उतरकर बच्चों को बचाने में मदद की। उनका यह साहस समाज के लिए प्रेरणादायक है।
प्रधान सविता मिश्रा की संवेदनशीलता की हो रही सराहना:मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने प्रधान सविता मिश्रा की इस पहल की जमकर तारीफ की। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधान सविता मिश्रा हमेशा जरूरतमंदों और साहसी लोगों के सम्मान में सबसे आगे रहती हैं।
वहीं, भाजपा नेता अनिल राठौर ने भी रामू कश्यप को पटका पहनाकर सम्मानित किया और प्रधान सविता मिश्रा की इस पहल की सराहना की।
गौरतलब है कि शनिवार सुबह मोहम्मदी स्थित यूडी चिल्ड्रेंस एकेडमी के बच्चों को लेकर जा रही बोलेरो मुल्लापुर के पास उफनते छोहे में डूब गई थी, जिसे रामू कश्यप, छात्र प्रशांत और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला था।



