महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धासुमन अर्पित किए

जिला अस्पताल में मरीजों को वितरित किए फल-मिष्ठान
पायनियर। बांदा
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आयुक्त चित्रकूट धाम मंडल बांदा अजीत कुमार द्वारा आयुक्त कार्यालय में दोनों महान विभूतियों पर पुष्प माला अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई उनके जीवन आदर्शोें पर प्रकाश भी डाला गया। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी बांदा अमित आसेरी ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके आदर्शों एवं विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आहृान किया।
जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, निष्ठा एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा, सेवा एवं स्वच्छता के विचार तथा लाल बहादुर शास्त्री जी की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा की भावना हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सदैव ध्यान में रखकर निर्णय लेने से जनहित की दिशा स्पष्ट होती है। हमारे अच्छे कार्यों का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत उपलब्धि न होकर राष्ट्र निर्माण और समाज के कल्याण की भावना से प्रेरित होना चाहिए। उन्होंने ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सेवा भाव के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर दृष्टिबाधित विद्यालय के बच्चों द्वारा ‘रघुपति राघव राजा राम’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई, जिसने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया। जिलाधिकारी ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
2 अक्टूबर के अवसर पर जिलाधिकारी श्री अमित आसेरी एवं पुलिस अधीक्षक श्री पलाश बंसल ने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों एवं तीमारदारों को फल एवं मिष्ठान वितरित किए। अधिकारियों ने मरीजों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इसी अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर में स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है, जो जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से स्वेच्छा एवं सेवा भावना के साथ रक्तदान के लिए आगे आने का आहृान किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि 2 अक्टूबर का यह पावन अवसर हमें सत्य, अहिंसा, सादगी, सेवा, स्वच्छता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रहित के मूल्यों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में अपनाने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुमार धर्मेंद्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक माया शंकर यादव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



