जमीन दिलाने के नाम पर बुजुर्ग महिला से 40.50 लाख की ठगी

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर अनुसूचित जाति की बुजुर्ग महिला से 40.50 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने तीन लोगों पर रकम लेने के बावजूद जमीन की रजिस्ट्री नहीं करने और रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। काकोरी क्षेत्र के गहरवारा गांव निवासी रामदुलारी पत्नी स्वर्गीय महंगू प्रसाद के मुताबिक, उन्होंने अपने पोते अमन कुमार के लिए मोहन रोड स्थित खसरा संख्या 426 घ मि. में तीन बिस्वा जमीन का सौदा किया था।
आरोप है कि इस सौदे में बिचौलियों की भूमिका निभा रहे तुलसी विहार, राजाजीपुरम निवासी सर्वेश कुमार, भय्यू आलम और मोहम्मद दिलशाद ने उनसे रुपये ले लिए, लेकिन जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई।पीड़िता के अनुसार, 10 फरवरी 2026 को उन्होंने आरटीजीएस के माध्यम से 40 लाख रुपए ट्रांसफर किए थे। इसके अलावा उनकी बहू के भाई विजय कुमार ने 45 हजार रुपए गूगल-पे से और पांच हजार रुपए नकद दिए थे। इस तरह जमीन के सौदे के नाम पर कुल 40 लाख 50 हजार रुपए दिए गए।रामदुलारी का आरोप है कि रकम लेने के बाद भी आरोपियों ने न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही रुपए वापस किए।
रकम वापस मांगने पर उनके साथ गाली-गलौज की जाती है। साथ ही पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है।पीड़िता ने पुलिस आयुक्त समेत वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने, अपनी रकम वापस दिलाने और जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर शुरू कर दी है।



