होटल में चल रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़

रजनी गोयल
ऋषिकेश। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल में चल रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान कमरे में हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे 10 जुआरियों को रंगे हाथों दबोचा है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 लाख 80 हजार रुपए नकद, 208 ताश के पत्ते और 11 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि वरिष्ठ उप निरीक्षक नवीन जोशी और श्यामपुर चौकी प्रभारी सुमित चौधरी की पुलिस टीम ने गुमानीवाला, श्यामपुर क्षेत्र स्थित होटल सदमार्ग परिवार में छापेमारी की। चेकिंग के दौरान होटल के प्रथम तल पर कमरा नंबर 102 से शोरगुल की आवाज सुनाई दी। जब पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो अंदर 10 लोग गोल घेरा बनाकर ताश के पत्तों से जुआ खेलते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने मौके पर सभी को गिरफ्तार कर लिया और कोतवाली लेकर आई। जहां पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और उन्हें अब कोर्ट में पेश करने के लिए भेजा गया है। आरोपियों की पहचान रविन्द्र सिंह रावत निवासी पशुलोक, अभिषेक रौतेला निवासी लक्ष्मण झूला रोड, मनोज निवासी गुमानीवाला, संजय प्रजापति निवासी आदर्श ग्राम, कमल प्रजापति निवासी कुम्हारवाड़ा, अजय प्रजापति निवासी आदर्शग्राम, शंकर प्रजापति निवासी आदर्शग्राम, मोहित निवासी भरत विहार, ऋषि निवासी चंद्रेश्वर नगर, सुल्तान सिंह निवासी गुमानीवाला के रूप में हुई है। श्यामपुर चौकी प्रभारी सुमित चौधरी ने इन सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के लिए भेजा गया है। कोतवाली के एसएसआई नवीन जोशी ने मामले की जांच को आगे बढ़ना शुरू कर दिया है।



