होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत,प्रेमी फरार

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी के ओमेक्स न्यू हजरतगंज स्थित होटल सेलेस्टियल मैनर की 10वीं मंजिल से गिरकर हुई समरीन (24) की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी प्रेमी घटना के बाद से फरार है। परिजनों के अनुसार समरीन सोमवार सुबह 10 बजे अकबरी गेट नक्खास कपड़े लेने की बात कहकर घर से निकली थी। आरोप है कि उसे अवनीश जायसवाल कार से होटल ले आया। दोनों ने सुबह 11.46 बजे कमरा नंबर 1037 में चेक-इन किया और शाम 6.30 बजे वह नीचे गिर गई।
समरीन पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी। उसकी शादी वर्ष 26 फरवरी 2020 को चौक निवासी मोहम्मद कैफ से हुई थी, तलाक का केस चल रहा है और 13 अक्टूबर को पेशी थी। पिता की मौत वर्ष 2014 में हो चुकी है, दो भाई ओमान में नौकरी करते हैं। वह मुंशीपुलिया के एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। आरोप है कि अवनीश ने होटल में जबरदस्ती की कोशिश की और विरोध पर धक्का देकर नीचे फेंक दिया। डीसीपी साउथ मो. मुस्ताक ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर दो टीमों का गठन किया गया है, जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।



