होटल के कमरे में फतेहपुर के यात्री ने फांसी लगाकर दी जान

बदरीनाथ धाम से लौटने के बाद एक अक्टूबर को लिया था कमरा,
आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
गौरव कुमार। हरिद्वार
रेलवे स्टेशन के सामने स्थित एक निजी होटल में शुक्रवार देर रात उत्तर प्रदेश के एक यात्री ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कमरे में यात्री का शव फंदे से लटका मिलने पर होटल स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राजेश कुमार (48) निवासी खागा, फतेहपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। बताया गया कि राजेश कुमार एक अक्टूबर को होटल में कमरा लेकर ठहरे थे। वह उसी दिन बदरीनाथ धाम से लौटकर हरिद्वार पहुंचे थे। शुक्रवार देर रात होटल स्टाफ को कमरे में उनके फांसी लगाने की जानकारी मिली। इसके बाद होटल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे की जांच की और शव को नीचे उतारा। प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का सामने आया है।
हालांकि, यात्री ने यह कदम क्यों उठाया, इसका अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का सामने आया है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।



