गुरुग्राम। लायंस पब्लिक स्कूल सेक्टर-10ए में नर्सरी से कक्षा द्वितीय तक के बच्चों के लिए दादा-दादी दिवस हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम पीढिय़ों के बीच प्रेम और संस्कारों के बंधन का उत्सव बन गया। समारोह में प्रधानाचार्या दीपिंदर कौर, उप-प्रधानाचार्या और सभी कोऑर्डिनेटर्स मौजूद रहीं।
इस उत्सव में बड़ी संख्या में दादा-दादी और नाना-नानी ने शामिल होकर वातावरण को पारिवारिक अपनत्व से भर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। बच्चों ने अपने दादा-दादी, नाना-नानी का स्वागत किया। इसके बाद बच्चों ने श्रवण कुमार पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी, जिसने बुजुर्गों के प्रति सेवा और सम्मान का संदेश दिया।
प्रधानाचार्या दीपिंदर कौर ने कहा, घर के बुजुर्ग ही बच्चों को जीवन के सच्चे संस्कार देते हैं। जिन बच्चों को दादा-दादी, नाना-नानी का सान्निध्य मिलता है, वे सौभाग्यशाली हैं। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि बच्चों को प्यार के साथ अनुशासन भी सिखाएं, उन्हें ना सुनना स्वीकार करना सिखाएं और सिर्फ प्यार के नाम पर मोबाइल न दें। संस्कार, संवाद और परिवार ही व्यक्तित्व का मजबूत आधार है। समारोह में दादा-दादी, नाना-नानी ने खेलों और गतिविधियों में उत्साह से भाग लिया। पोते-पोतियों के साथ बिताए पल अविस्मरणीय बन गए। कार्यक्रम का समापन बच्चों की नृत्य प्रस्तुति के साथ हुआ, जो प्रेम, सम्मान और पारिवारिक एकता से ओतप्रोत रहा।