गंगोत्री धाम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

- गंगोत्री मंदिर समिति और अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की ली जानकारी
- श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर रखने के दिए निर्देश
पायनियर समाचार सेवा। उत्तरकाशी। जनपद भ्रमण के दूसरे दिन शनिवार को मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद बर्द्धन ने गंगोत्री धाम पहुंचकर मां गंगा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही उन्होंने विश्वनाथ मंदिर एवं शक्ति मंदिर में भी विधिवत पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना के उपरांत मुख्य सचिव ने गंगोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर धाम में संचालित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही घाटों पर स्वच्छता व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई, सुरक्षा प्रबंध तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर एवं घाटों के आसपास स्वच्छता बनाए रखी जाए, ताकि दर्शन और स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर मंदिर समिति सचिव सुरेश सेमवाल, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित अन्य अधिकारी एवं मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



