- पाइपर्स ने अमेरिकन गैम्बिट्स को 15-3 से हराया, जबकि पीबीजी अलास्कन नाइट्स से मिली थी 7-9 की हार
- चे़क मुंबा मास्टर्स ने गंगा ग्रैंडमास्टर्स को 12-3 से दी करारी शिकस्त
पायनियर खेल संवाददाता
बेंगलुरु। डिफेंडिंग चैंपियन अल्पाइन एपीएल पाइपर्स ने सोमवार को उतार-चढ़ाव भरे मुकाबलों के बाद ग्लोबल चेस लीग (GCL) के चौथे सीजन की अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। बेंगलुरु में खेले जा रहे टूर्नामेंट के तीसरे दिन पाइपर्स को दिन के पहले मुकाबले में पीबीजी अलास्कन नाइट्स से 7-9 की करीबी हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, शुरुआती झटके के बाद टीम ने शानदार वापसी करते हुए फायर्स अमेरिकन गैंबिट्स को 15-3 के बड़े अंतर से हरा दिया। यह चौथे सीजन में अब तक की सबसे बड़ी जीत है। तीन मैच जीतकर पाइपर्स अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, एक अन्य मुकाबले में चेक मुंबई मास्टर्स ने गंगेस ग्रैंडमास्टर्स को 12-3 से हराकर दूसरा स्थान हासिल किया।
विदित और हम्पी का शानदार प्रदर्शन
अल्पाइन एपीएल पाइपर्स की बड़ी जीत में विदित गुजराती और कोनेरु हम्पी एक बार फिर टीम के स्टार रहे। दोनों खिलाड़ियों ने चार मुकाबलों में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। विदित ने समय के दबाव के बावजूद दानील दुबोव को मात दी, जबकि हम्पी ने सारा खादेम को महज 29 चालों में हरा दिया। प्रोडिजी बोर्ड पर वोलोदार मुर्जिन ने मार्क’एंड्रिया मौरिजी को हराकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए विदित ने कहा कि सुबह का मुकाबला बराबरी का था, लेकिन समय का दबाव था। दूसरे मुकाबले में भी दबाव रहा, लेकिन वह जीत दर्ज करने में सफल रहे और इससे खुश हैं।
कार्लसन ने आनंद को हराया, फिर भी पाइपर्स को मिली हार
दिन के सबसे बहुप्रतीक्षित मुकाबले में विश्व नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन और भारतीय दिग्गज विश्वनाथन आनंद आइकन बोर्ड पर आमने-सामने थे। बिशप-पॉन के कड़े एंडगेम में आनंद का समय समाप्त हो गया और कार्लसन ने बाजी अपने नाम कर ली।
हालांकि, कार्लसन की यह जीत पाइपर्स को हार से नहीं बचा सकी। पीबीजी अलास्कन नाइट्स की नीनो बत्सियाशविली ने कोनेरु हम्पी को 44 चालों में हराया। वहीं, 15 वर्षीय यागिज कान एरडोगमुस ने अपने मजबूत पोजीशनल खेल से विदित गुजराती पर दबाव बनाया, जिसके चलते विदित समय समाप्त होने के कारण मुकाबला गंवा बैठे। नाइट्स ने यह मुकाबला 9-7 से जीत लिया।
मुंबई मास्टर्स का दबदबा, गंगेस का फैसला पड़ा भारी
दिन के दूसरे मुकाबले में गंगेस ग्रैंडमास्टर्स का टॉस जीतकर काले मोहरों से खेलने का फैसला उल्टा पड़ गया। चेक मुंबई मास्टर्स ने छह में से तीन बाजियां जीतीं, जबकि बाकी तीन बाजियां ड्रॉ रहीं। टीम ने 12-3 से शानदार जीत दर्ज कर अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया।
कारिसा यिप ने स्टावरोला त्सोलाकिडू को हराकर मुंबई मास्टर्स को शानदार शुरुआत दिलाई। इसके बाद प्लेयर ऑफ द मैच एम प्राणेश ने अंतिम क्षणों में धैर्य बनाए रखते हुए अनुभवी लेवोन अरोनियन को 65 चालों के बाद हार मानने पर मजबूर कर दिया। प्रोडिजी बोर्ड पर बर्दिया दानेशवर ने लियोन ल्यूक मेंडोंका का समय समाप्त होने का फायदा उठाते हुए टीम के लिए महत्वपूर्ण अंक जुटाए और मुंबई मास्टर्स को बड़ी जीत दिलाई।