घर से 300 मीटर दूर दीवाल के सहारे बैठने की स्थित में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बिजनौर इलाके में मंगलवार तड़के एक ट्रैक्टर चालक युवक संदिग्ध हालत में अपने घर से करीब 300 मीटर दूर दूसरे के घर के बाहर दीवार के सहारे बैठी स्थिति में मृत मिला। जानकारी मिलने पर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बिजनौर के रहीमाबाद निवासी मेड़ीलाल यादव के बेटे सचिन यादव उर्फ राजा (25) की करीब डेढ़ वर्ष पहले शादी हुई थी। वह ट्रैक्टर चलाता था। परिजनों के मुताबिक सचिन सोमवार शाम करीब चारबजे घूमने जाने की बात कह कर घर से निकला था।

लेकिनवापस नहीं लौटा, देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। मंगलवार तड़के करीब पांचबजे सचिन अपने घर से करीब 300 मीटर दूर रमेश के घर के बाहर उनकी दीवार के सहारे बैठी स्थिति में मृत मिला। सुबह रमेश अपने घर के बाहर निकले तो यह दृश्य देखकर उन्होंने इसकी सूचना सचिन के घर वालों को दी। बाद में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद पहुंची बिजनौर पुलिस ने जांच पड़ताल की तो सचिन के दोनों पैरों के तलवे में विद्युत तारों की करंट से झूलसे होने के निशान मिले।
उधर घटना की जानकारी पाकर एसीपी कृष्णानगर अभिषेक पांडे ने भी मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया। वही फॉरेंसिक टीम ने भी जांच पड़ताल कर कुछ साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं इस मामले में मृतक के परिजनों ने अभी किसी के ऊपर आरोप नहीं लगाया है। लेकिन ग्रामीणों में चर्चा है कि उसके पैर के तलवों में करंट लगाकर हत्या करने के बाद उसे यहां दीवार के सहारे बिठाकर आरोपी फरार हो गए। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है।
मृतक के परिवार में उसकी पत्नी आयुषी के अलावा आठ माह का बेटा कान्हा है। वहीं इस मामले में पुलिस को भी दबी जुबान से संदेह है कि विद्युत करंट लगाकर उसकी हत्या की गई है। इसको लेकर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में भी लिया है और उसे पूछताछ कर रही है। हालाकि एसीपी कृष्णानगर अभिषेक पांडे ने हत्या और हिरासत में लिए जाने की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही उसकी मौत का सही कारण पता चल सकेगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



