पुलिस मुठभेड़ में 80 करोड़ की संपत्ति वाले गैंगस्टर को लगी गोली, तस्कर रियाज उर्फ बाबू गिरफ्तार

पायनियर संवाददाता। शाहजहांपुर

तिलहर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और गैंगस्टर एक्ट के आरोपी कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर मोहम्मद रियाज उर्फ बाबू के बीच पुलिस मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और बिना नंबर प्लेट की बाइक भी बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब साढ़े 11 बजे रटापुल गुलेरिया मोड़ के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी।

 

इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा और पीछा किए जाने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद रियाज उर्फ बाबू के रूप में हुई है। वह वर्तमान में कटरा थाना क्षेत्र के आतिशबाजान का निवासी है, जबकि मूल रूप से बरेली जिले के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के पडेरा गांव का रहने वाला है। पुलिस जांच में सामने आया कि रियाज लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। कटरा क्षेत्र में उसने मकान बनाने के साथ-साथ शोरूम, ईंट भट्टे और अन्य कारोबार में निवेश कर करोड़ों रुपये की संपत्ति खड़ी कर ली थी। छोटे तस्करों की गिरफ्तारी के बाद उसका नाम सामने आने पर पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई तेज की थी।

 

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ शाहजहांपुर, दिल्ली समेत विभिन्न स्थानों पर मादक पदार्थ तस्करी और अन्य गंभीर धाराओं में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध शाहजहांपुर में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। करीब तीन महीने पहले तत्कालीन पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी के निर्देश पर उसकी संपत्तियों की जांच कराई गई थी। जांच में अवैध तरीके से अर्जित लगभग 80 करोड़ रुपये की संपत्ति चिन्हित होने पर उसे फ्रीज कर दिया गया था। इसमें आठ खेत, दो मकान, दो ईंट भट्टे, एक कॉम्प्लेक्स, एक कार और दो ट्रैक्टर शामिल हैं। एसपी ग्रामीण दीक्षा भवरे ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है। आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में भी विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *