सड़क, नाली और पार्कों का होगा कायाकल्प
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। भारतेंदु हरिश्चंद्र वार्ड में विकास कार्यों को गति देते हुए शनिवार को 17 स्थानों पर विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया गया। पार्षद निधि से करीब डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से होने वाले इन कार्यों में सड़क, नाली, सीसी सड़क, इंटरलॉकिंग, पाथवे निर्माण के साथ पार्कों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण शामिल है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस मौके पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि विकास कार्य पूरे होने से वार्डवासियों को बेहतर आवागमन, जलनिकासी, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
क्षेत्र के प्रत्येक हिस्से में नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। स्थानीय पार्षद मानसिंह यादव ने बताया कि पार्षद निधि से लगभग डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न स्थानों पर विकास कार्य कराए जाएंगे। मंगल पांडे पार्क के पास नाली एवं साइड पटरी निर्माण, पलटन गांव में नाली और सीसी सड़क सुधार तथा सेक्टर-ए में विभिन्न मार्गों पर नाली मरम्मत एवं साइड पटरी पर इंटरलॉकिंग का काम होगा। इसके अलावा सेक्टर-ए में मकान संख्या वी-2/322 के सामने से मुख्य मार्ग तक नाली मरम्मत और इंटरलॉकिंग, मनोज गुप्ता के घर से जेएन श्रीवास्तव के घर तक नाली सुधार तथा समीर श्रीवास्तव के घर के सामने नाली एवं सीसी सड़क सुधार कराया जाएगा।
वार्ड के सेक्टर-जी स्थित सी-39 के सामने पार्क, सेक्टर-ए के शहीद भगत सिंह पार्क, पहाड़ी लाल यादव पार्क और अन्य पार्कों में पाथवे निर्माण, मरम्मत एवं रंगाई-पुताई के कार्य होंगे। प्रेम हरिनिवास के सामने, सावित्री राजपूत के घर के सामने तथा आरती अवस्थी के घर के सामने स्थित पार्कों का भी कायाकल्प कराया जाएगा। महादेव यादव के घर के सामने पार्क में रंगाई-पुताई के साथ पाथवे निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा अग्रवाल ट्रेडर्स से संजय कुदेशिया के घर तक नाली मरम्मत एवं साइड पटरी पर इंटरलॉकिंग, नीरज श्रीवास्तव के घर के सामने नाली एवं सीसी सड़क सुधार, विक्ट्री कैफे के पास से डॉ. राजीव अग्रवाल के घर तक नाली निर्माण तथा वहां से महादेव होटल चौराहे तक नाली एवं साइड पटरी निर्माण कराया जाएगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी, राकेश पांडे, अक्षय मिश्रा, दिव्यांशी शुक्ला, अमित सिंह, आशुतोष सिंह, राम अनुज तिवारी, राजीव सिंह, आयुष, पंकज सिंह, अमित सिंह चौहान, प्रीता पांडे समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। भारतेंदु हरिश्चंद्र वार्ड में डेढ़ करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास 17 स्थानों पर हुआ भूमि पूजन, सड़क, नाली और पार्कों का होगा कायाकल्प।