-11 आरोपी गिरफ्तार, जेसीबी, ऑटो समेत चोरी के 21 वाहन बरामद
पायनियर समाचार सेवा। फरीदाबाद
वाहन चोरी की वारदातों पर शिकंजा कसते हुए फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा एवीटीएस-2 भूपानी ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने पिछले तीन सप्ताह के दौरान वाहन चोरी में सक्रिय पांच अलग-अलग गिरोहों का पर्दाफाश करते हुए 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने 21 चोरीशुदा वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में 16 मोटरसाइकिल, तीन ऑटो, एक स्कूटी और एक जेसीबी मशीन शामिल है।
सहायक पुलिस आयुक्त अपराध अमन यादव ने बताया कि अपराध शाखा की टीम वाहन चोरी के मामलों की जांच कर रही थी। इसी दौरान अलग-अलग स्थानों से आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए वाहनों की बरामदगी की गई। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान पांच गिरोहों से जुड़े आरोपितों तक पहुंच बनाई गई।
पुलिस के मुताबिक साहिल-धीरेंद्र गिरोह से तीन चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की गईं। राहुल-आमिर गिरोह से एक जेसीबी मशीन और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। जेसीबी मशीन की बरामदगी को पुलिस की कार्रवाई में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इसी प्रकार फैसल-मुफीद-रशीद गिरोह से चार मोटरसाइकिल और एक ऑटो, फैजल-मोशिम उर्फ सहीद गिरोह से तीन मोटरसाइकिल तथा फज्जर गिरोह से चार मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पूछताछ में वाहन चोरी की अन्य वारदातों, चोरी के वाहनों को ठिकाने लगाने वाले नेटवर्क और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को आरोपितों से वाहन चोरी की कुछ और वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है।
अमन यादव ने बताया कि अन्य मामलों में भी कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों से दो ऑटो और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बरामद वाहनों के संबंध में दर्ज मुकदमों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर वाहनों को उनके वास्तविक मालिकों को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी।