दूसरे दिन मिला सई नदी में छलांग लगाने वाले प्रधान पुत्र का शव

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बंथरा इलाके में शुक्रवार सुबह सई नदी में छलांग लगाने वाले 22 वर्षीय युवक का शव शनिवार दोपहर नदी में गहरे पानी से बरामद हो गया। इसको लेकर एसडीआरएफ की तीन टीमों ने शुक्रवार और शनिवार को दोनों दिन कई कई घंटे तक नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया। तब शनिवार दोपहर घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर नदी के पानी में खेतों की सुरक्षा के लिए लगाई गई तारों की बाड़ में शव फंसा मिला। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताते चलें कि बंथरा के लतीफ नगर गांव की महिला ग्राम प्रधान मालती शुक्ला के बेटे अजय शुक्ला का 22 वर्षीय पुत्र आश्रय शुक्ला उर्फ कल्लू मानसिक रूप से कमजोर था।

शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे वह घर से लगभग 200 मीटर दूर लतीफ नगर से रहीम नगर पड़ियाना जाने वाली सड़क पर स्थित सई नदी के पुल पर पहुंचा। जहां अचानक उसने नदी में छलांग लगा दी थी। पानी के तेज बहाव में युवक को डूबता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया और परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इस दौरान युवक को बचाने के लिए एक दर्जन से अधिक ग्रामीण नदी में उतरे और उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची बंथरा पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर सरोजनीनगर के तहसीलदार जेपी सिंह और एसीपी कृष्णानगर लक्ष्मण वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से जानकारी ली। सूचना मिलने के करीब पांच घंटे बाद पहुंची एसडीआरएफ की तीन टीमों ने नदी में तलाश शुरू की। लेकिन शुक्रवार को करीब चार किलोमीटर दूर तक खोजबीन करने के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका। बाद में अंधेरा होने के कारण शाम करीब साढ़े छह बजे रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया।
शनिवार सुबह सात बजे एसडीआरएफ ने दोबारा तलाश शुरू की। इस बीच दोपहर करीब 12 बजे एसीपी लक्ष्मण वर्मा ने फिर घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। इस दौरान काफी समय बीतने के बाद भी युवक का शव नहीं मिलने से नाराज उसके भाई तरुण शुक्ला ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने गोताखोरों पर तलाशी में ढिलाई बरतने की शिकायत की। हालांकि एसीपी ने उन्हें समझाकर शांत कराया। इसके बाद दोपहर करीब 1:15 बजे एसडीआरएफ को घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर आश्रय का शव नदी में तारों के बीच फंसा मिला। ग्रामीणों के मुताबिक फसलों को जानवरों से बचाने के लिए खेतों में तारों की बाड़ लगाई गई है।
पिछले कुछ दिनों से सई नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण पानी आसपास के खेतों तक फैल गया था। इसी बाड़ में युवक का शव फंसा मिला। बाद में एसडीआरएफ ने शव को बाहर निकाला, जिसके बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिवार में उसके पिता अजय शुक्ला, मां स्नेह लता और बड़ा भाई तरुण शुक्ला है।



