दो युवकों को ट्रैक ने मारी ठोकर एक की मौत

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बंथरा इलाके में बीती रात तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस के मुताबिक उन्नाव के असोहा थाना के नौगवां निवासी सज्जन कुमार का बेटा सूरज लोधी (26) मजदूरी करता था। गुरुवार को वह अपने दोस्त दीपक के साथ मजदूरी करने लखनऊ आया था। जहां से रात करीब 9:30 बजे बाइक से दोनों वापस लौट रहे थे।
तभी बंथरा में जुनाबगंज स्थित प्रसाद हॉस्पिटल के पास एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी। जिससे दोनों बाइक सहित गिरकर घायल हो गए। गंभीर हालत में दोनों को प्रसाद हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां कुछ देर बाद ही इलाज के दौरान सूरज की मौत हो गई। जबकि दीपक का इलाज जारी है।
उधर घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मृतक सूरज के परिवार में उसके पिता सज्जन के अलावा मां रामरती देवी और तीन भाई हैं। सूरज चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। फिलहाल पुलिस ने सूरज के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई कर रही है।



