दो दिन से तलाश में जुटे परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
घर से करीब साढ़े पांच सौ मीटर दूर तालाब में मिला मासूम का शव

पायनियर, बरखेड़ा-पीलीभीत। शादी समारोह में शामिल होने परिवार के साथ आई ढाई वर्षीय मासूम आनबिया की तलाश का अंत बेहद दुखद हुआ। रविवार सुबह अचानक लापता हुई बच्ची का शव दूसरे दिन तालाब में उतराता मिला। मासूम की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थी, वहां बच्ची की मौत से मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड प्रांत के खटीमा निवासी शहबाज रविवार को अपने परिवार के साथ बरखेड़ा कस्बे के वार्ड नंबर आठ में अपने मौसा निसार के पुत्र आफताब की शादी में शामिल होने आए थे। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे उनकी ढाई वर्षीय बेटी आनबिया अचानक लापता हो गई। काफी देर तक बच्ची दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने घर और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों से पूछताछ करने के साथ ही कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चल सका।
मासूम के लापता होने के बाद से ही परिजन अनहोनी की आशंका जता रहे थे। परिवार और पुलिस तालाबों समेत आसपास के संभावित स्थानों पर बच्ची की तलाश कर रहे थे। इसी बीच दूसरे दिन वार्ड नंबर छह में तालाब में बच्ची का शव उतराता मिला। बताया जाता है कि जिस घर से आनबिया लापता हुई थी, वहां से तालाब की दूरी करीब साढ़े पांच सौ मीटर है। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मासूम का शव मिलने की सूचना पर एएसपी हिमांशु गौरव, सीओ बीसलपुर राहुल पांडेय मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। पुलिस हर एक पहलू पर गहनता से जांच कर रही है।



