दिव्यांग दंपति को मिली बड़ी राहत, एसडीएम गौतम सिंह की दरियादिली
3 महीने में ही बंटवारे के मुकदमे का किया निस्तारण, बेटी की शादी के बाद 2 लाख रुपये के कर्ज से परेशान था परिवार

रायबरेली। सदर तहसील में जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण की दिशा में उपजिलाधिकारी सदर गौतम सिंह की संवेदनशील पहल सामने आई है। राजस्व ग्राम बरवारीपुर निवासी दिव्यांग दंपति सावित्री देवी और उनके पति सीताराम को जमीन के बंटवारे के मामले में बड़ी राहत मिली है। बेटी की शादी के बाद 2 लाख रुपये के कर्ज से परेशान दंपति के लिए जमीन का बंटवारा न होना भी बड़ी समस्या बना हुआ था। इसके चलते उन्हें जमीन बेचने में भी कठिनाई हो रही थी।
जुलाई में सावित्री देवी अपने बेटे के साथ एसडीएम सदर गौतम सिंह से मिली थीं और अपनी आर्थिक एवं पारिवारिक परेशानियों से अवगत कराया था। दंपति की समस्या को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने स्वयं पहल की और एक अधिवक्ता के माध्यम से जमीन के बंटवारे का मुकदमा दायर करवाया। इसके बाद मामले के निस्तारण के लिए लगातार प्रयास किए गए।
जारी हुई अंतिम डिक्री:करीब तीन महीने से चल रहे बंटवारे के मुकदमे में शुक्रवार को एसडीएम सदर गौतम सिंह ने अंतिम डिक्री पारित कर सावित्री देवी और उनके पति सीताराम को सौंप दी। इससे लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर परेशान दंपति को बड़ी राहत मिली।
एसडीएम को दीर्घायु होने का आशीर्वाद:मुकदमे का निस्तारण होने और अपनी समस्या का समाधान मिलने पर दिव्यांग सावित्री देवी भावुक हो गर्इं। उन्होंने एसडीएम गौतम सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें दीर्घायु होने का आशीर्वाद दिया। यह मामला दर्शाता है कि समयबद्ध कार्रवाई और संवेदनशील प्रशासनिक पहल से जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाई जा सकती है।



