डिफेंस पेंशनरों के लिए नवम्बर में लगेगा रक्षा लेखा विभाग में मेगा कैम्प

- विभाग ने हर्षोंल्लास से मनाया अपना 279 वां स्थापना दिवस समारोह
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक संजय कुमार चौधरी ने बताया कि डिफेन्स पेंशनरों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसके लिए 'स्पर्श' प्लेटफार्म है। जिसमें पेंशनर्स आसान प्रक्रिया से पेंशन पा सकता है। उन्होंने बताया कि विभाग इस समय 35 लाख रिटायर्ड डिफेंस पेंशनरों को पेंशन प्रदान कर रहा है। अभी भी अगर किसी को कोई परेशानी अथवा दिक्कत हो रही है तो विभाग आगामी नवम्बर में एक मेगा कैम्प का आयोजन करने जा रही है।
यह जानकारी गुरुवार को चौधरी ने विभाग के 279 वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर दी। उन्होंने बताया कि लेखा विभाग ने गुरुवार को क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र लखनऊ के रामायण प्रेक्षागृह में अपना स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। भारत सरकार के प्राचीन विभागों में से एक तथा रक्षा मंत्रालय के अधीन कार्यरत रक्षा लेखा विभाग की गौरवशाली यात्रा के इस महत्वपूर्ण अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इसके अलावा पूर्ववर्ती सप्ताह में नगर निगम के सहयोग से 'स्वच्छता हमारी जिम्मेदारी' व 'आयुर्वेद दिवस' पर सेमिनार का आयोजन हुआ तथा 'रक्तदान शिविर' का भी आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में विभाग के सभी वर्गों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर विभाग की हिंदी पत्रिका 'रक्षा लेखा भारती' के 18 वें संस्करण का विमोचन प्रधान नियंत्रक द्वारा किया गया एवं कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए नवीनीकृत जलपान गृह का भी शुभारम्भ किया गया। पत्रकारों से बातचीत में चौधरी ने बताया कि रक्षा लेखा विभाग सेना को पूरा योगदान देने का कार्य करता है। रखरखाव, राशन-पानी से लेकर गोला बारूद के क्रय का भी भुगतान करता है। कार्यक्रम के समापन पर चौधरी के अलावा मयंक बिष्ट एकीकृत, वित्तीय सलाहकार, पुस्कराज भारती, अपर नियंत्रक, चन्द्र प्रकाश, अपर नियंत्रक, हिमांशू त्रिपाठी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



