दहेज में 20 लाख रुपए व कार मांगने का आरोप
पति समेत ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र की राम बिहार कॉलोनी निवासी प्रीति यादव पुत्री राम प्रताप यादव ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया की शादी में करीब 25 लाख रुपए खर्च करने के बावजूद ससुराल वाले नई कार और मकान खरीदने के लिए 20 लाख रुपए अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। शिकायत के आधार पर पारा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रीति के अनुसार, वर्ष 2023 मई में उनका विवाह कृष्णानगर स्थित एक होटल में हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। शादी और उससे जुड़े आयोजनों में उनके पिता ने अपनी सामर्थ्य से बढ़कर करीब 25 लाख रुपए से अधिक खर्च किए थे। इसके अलावा गहने, घरेलू सामान और अन्य उपहार भी दिए गए थे।
शादी के बाद से ही पति प्रशांत यादव, सास शकुंतला देवी, ससुर दान बहादुर यादव और परिवार के अन्य सदस्य कम दहेज लाने का ताना देकर उन्हें प्रताड़ित करने लगे कि मुंह दिखाई में मिले जेवर और 25 हजार रुपए भी पति ने अपने पास रख लिए। इसके बाद नई कार और मकान खरीदने के लिए 20 लाख रुपए की मांग की जाने लगी। विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। उन्हें पेट्रोल डालकर जान से मारने की धमकी भी दी गई।प्रीति ने शिकायत में पति पर शराब और अन्य नशों का सेवन करने तथा उनका वेतन छीनने का भी आरोप लगाया है।
उनके मुताबिक, पुणे से दिल्ली के ओखला क्षेत्र में शिफ्ट होने के बाद भी उत्पीड़न जारी रहा। मई 2026 में पति ने कथित तौर पर नशे की हालत में उन्हें दिल्ली स्थित फ्लैट से बाहर निकाल दिया गया। बाद में दिल्ली में घर में प्रवेश को लेकर भी विवाद हुआ। पुलिस के हस्तक्षेप से उन्हें फ्लैट की चाबी मिली, लेकिन इसके बावजूद पति और ससुर ने रिश्ता खत्म करने और दूसरा विवाह करने की बात कही। इसके बाद पीड़िता ने लखनऊ लौटकर पुलिस से शिकायत की। पारा पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति प्रशांत यादव, सास शकुंतला देवी, ससुर दान बहादुर यादव समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



