चारपाई में उतरा करंट, तीन बच्चे चिपककर घायल

चीख सुनकर परिजनों को हुई हादसे की जानकारी, दो बच्चों को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। मलिहाबाद थाना क्षेत्र के टाड़खेड़ा गांव में मंगलवार सुबह लोहे की चारपाई में करंट उतरने से पास में खेल रहे तीन बच्चे उसकी चपेट में आ गए। करंट लगने से आराध्या (6), मयंक (5) और दुर्गेश (डेढ़ वर्ष) घायल हो गए। बच्चों की चीख सुनकर परिजनों को हादसे की जानकारी हुई। आनन-फानन तीनों को सीएचसी मलिहाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद आराध्या और मयंक को लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। तीनों बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। टाड़खेड़ा गांव निवासी किसान संदीप ने बताया कि उनकी बेटी आराध्या और बेटा मयंक केजी में पढ़ते हैं।
मंगलवार को स्कूल की छुट्टी होने के कारण दोनों घर पर थे। सुबह करीब नौ बजे घर में बनी दुकान में लोहे की चारपाई खड़ी थी। चारपाई के पास ही दोनों बच्चे और काकोरी निवासी उनके साले का बेटा दुर्गेश खेल रहा था।संदीप के मुताबिक, जमीन पर रखा पंखे का तार चारपाई के नीचे दबकर कट गया था। तार के कटे हिस्से के चारपाई से संपर्क में आने से उसमें करंट उतर आया। पास में खेल रहे तीनों बच्चे चारपाई के संपर्क में आते ही करंट की चपेट में आ गए।हादसे के समय बच्चों की मां मालती घर की छत पर थीं।
सामने काम कर रहे संदीप के भाई अमन ने बच्चों की चीख सुनकर तत्काल पंखे का कनेक्शन बंद किया और तीनों को चारपाई से अलग कराया। समय रहते बिजली बंद होने से बड़ा हादसा टल गया।मलिहाबाद इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि तीनों बच्चों का इलाज चल रहा है। सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे है।



