बराही तालाब में दशहरा समारोह की तैयारियां पूरी

20 अक्टूबर को होगा रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन
पायनियर समाचार सेवा। फरीदाबादश्री बजरंग दल दशहरा कमेटी की ओर से 20 अक्टूबर को ओल्ड फरीदाबाद के बराही तालाब में आयोजित होने वाले दशहरा समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और मैदान की सफाई कराकर गड्ढों को भरवाया। कमेटी के चेयरमैन परविंदर मल्होत्रा, उपाध्यक्ष सतीश आहूजा और प्रधान सन्नी नारंग ने बताया कि कमेटी पिछले 26 वर्षों से दशहरा समारोह आयोजित कर रही है। इस बार भी आयोजन को यादगार बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था का भी ध्यान रखा गया है। समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि होंगे। 17 अक्टूबर को दंडवत परिक्रमा और 21 अक्टूबर को भरत मिलाप का आयोजन किया जाएगा। समिति ने लोगों से तीनों कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।



