बाढ़ के बीच नाव से गांवों में पहुंचे विधायक और डीएम-एसपी, ग्रामीणों से जाना जमीनी हकीकत
एक सप्ताह में जनजीवन सामान्य करने का लक्ष्य 4000 लोगों को बांटी जा रही राहत सामग्री

महराजगंज। सोहगीबरवा क्षेत्र में बाढ़ का पानी अब घटने लगा है। इसके साथ ही प्रशासन ने संक्रामक और जलजनित बीमारियों से बचाव की तैयारी तेज कर दी है। गुरुवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल के साथ नाव से बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर राहत कार्यों का जायजा लिया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं।डीएम ने निचलौल बीडीओ को सोहगीबरवा क्षेत्र की तीनों ग्राम पंचायतों में व्यापक सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पानी उतरने के साथ ही गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ सकता है। ऐसे में एंटी लार्वा और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव व्यापक स्तर पर कराया जाए। जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत देने के साथ प्रशासन अब उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने की तैयारी में है। डीएम ने तीनों ग्राम पंचायतों में वृहद सर्वे कराने के निर्देश दिए। पात्र और जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा।
अधिकारियों से कहा गया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की वास्तविक जरूरतों का आकलन कर उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए।बाढ़ के बाद बीमारी फैलने की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट किया गया है। डीएम ने सीएमओ को सोहगीबरवा में मेडिकल टीम तैनात करने और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पशुपालन विभाग को प्रभावित क्षेत्र में पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था कराने को कहा गया।
डीएम ने कम्युनिटी किचन लगातार संचालित रखने और प्रभावित परिवारों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्रामीणों से कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, पानी लगातार कम हो रहा है। प्रशासन की टीम क्षेत्र में कैंप कर राहत और सहायता उपलब्ध कराती रहेगी। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर जनजीवन सामान्य करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने की बात कही।निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, एसडीएम निचलौल अवनीश त्रिपाठी, बीडीओ निचलौल संतोष कुमार यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विधायक ने बांटी राशन किट, बोले- राहत में नहीं होगी कमीसिसवा विधायक:प्रेम सागर पटेल ने बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच राशन किट और अन्य जरूरी सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि अत्यधिक बारिश से क्षेत्र में कठिन परिस्थितियां बनीं, लेकिन मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनप्रतिनिधि और प्रशासन लगातार प्रभावितों के बीच मौजूद हैं।विधायक के अनुसार क्षेत्र में करीब 4000 लोगों को राशन किट और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार आगे भी राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। सफाईकर्मियों से लेकर स्वास्थ्यकर्मी तक राहत कार्य में जुटे हैं।



