कॉलेज जा रहे बीटेक छात्र की ट्रेन से गिरकर मौत

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। हरदोई जिले के बिलग्राम निवासी बीटेक के एक छात्र की शनिवार सुबह कॉलेज जाते समय चलती ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रहीमाबाद पुलिस ने छात्र की पहचान उसके पास मिले आधार कार्ड से परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, हरदोई जनपद के बिलग्राम निवासी शोभित राठौर (21) शनिवार सुबह पैसेंजर ट्रेन से लखनऊ स्थित अपने इंजीनियरिंग कॉलेज जा रहे थे। ट्रेन जैसे ही रहीमाबाद थाना क्षेत्र के कैथुलिया गांव के पास पहुंची, तभी खिड़की के पास बैठे शोभित का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन से नीचे जा गिरे। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी स्टेशन मास्टर ने तत्काल पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची रहीमाबाद पुलिस ने छात्र के पास मिले आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान की और परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक के पिता मेवालाल राठौर ने बताया कि शोभित लखनऊ के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र था और पढ़ाई के लिए नियमित रूप से ट्रेन से आना-जाना करता था। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मृतक अपने पीछे पिता मेवालाल राठौर, माता सरिता राठौर, भाई विकास राठौर और बहन वंदना राठौर को छोड़ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणनायक ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत चलती ट्रेन से गिरने के कारण हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *