अतिरिक्त कक्षा लेने से मना करने पर सहायक आचार्य से मारपीट का आरोप

- प्राचार्य समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जान से मारने की धमकी देने की शिकायत
पायनियर संवाददाता।बड़हलगंज, गोरखपुर
पंडित भृगुनाथ चतुर्वेदी कॉलेज ऑफ लॉ में अतिरिक्त कक्षा लेने से मना करने पर सहायक आचार्य से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर बड़हलगंज पुलिस ने कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अभिषेक पांडेय और मुख्य नियंता चंद्रभूषण तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।महराजगंज जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र के खुडुरी निवासी आशुतोष शुक्ल कॉलेज में गेस्ट फैकल्टी के रूप में सहायक आचार्य हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि कॉलेज में कथित वसूली, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर शिकायत करने के बाद से कुछ लोग उनसे रंजिश रखने लगे थे।आरोप है कि आठ अक्तूबर को सुबह करीब 10:30 बजे अतिरिक्त कक्षा लेने का दबाव बनाया गया। इनकार करने पर प्राचार्य और मुख्य नियंता ने गाली-गलौज करते हुए लाठी से मारपीट की। शोर सुनकर कॉलेज के अन्य शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। पीड़ित ने अपनी और सहयोगी प्रीतिश तिवारी की जान-माल को खतरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।



