भारी बारिश के बाद नंदा की चौकी स्थित पुल के पास एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त

देहरादून। राजधानी देहरादून में प्रेमनगर-नंदा की चौकी के पास टौंस नदी पर करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्निर्मित पुल एक बार फिर चर्चा में है। महज 16 दिन पहले यातायात के लिए खोले गए इस पुल के पास भारी बारिश के बाद एप्रोच रोड धंस गई, जिससे पुल पर वाहनों की आवाजाही एहतियातन रोक दी गई। घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

हालांकि, प्रेमनगर कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पुल पूरी तरह सुरक्षित है और क्षति पुल में नहीं, बल्कि उसके पास बनी एप्रोच रोड में हुई है। पुलिस के अनुसार लगातार बारिश के कारण एप्रोच रोड के नीचे की मिट्टी बह गई, जिससे सड़क का हिस्सा धंस गया। संबंधित निर्माण एजेंसी द्वारा मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है और जल्द ही मार्ग को यातायात के लिए सुचारु करने का दावा किया गया है।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष बरसात में यह पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से इसका पुनर्निर्माण कराया गया। 12 जुलाई से इस पुल पर दोबारा यातायात शुरू किया गया था, लेकिन पहली ही मानसूनी बारिश के बाद एप्रोच रोड के धंसने से लोगों में नाराजगी और निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

इससे पहले 11 जुलाई की रात टौंस नदी के तेज बहाव में ह्यूम पाइप डालकर बनाई गई अस्थायी पुलिया भी बह गई थी। इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने तेजी से काम पूरा कर पुनर्निर्मित मुख्य पुल को यातायात के लिए खोल दिया था।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आशीष चौहान मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त एप्रोच वॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को तीन घंटे के भीतर एप्रोच वॉल को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने वर्षा से प्रभावित अन्य क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को तत्काल राहत एवं मरम्मत कार्य करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी आशीष चौहान ने कहा कि पुल की एप्रोच रोड में गड्ढा हो गया है। चीफ इंजीनियर पीडब्ल्यूडी और सीपीडब्ल्यूडी मौके पर मौजूद हैं और पूरी घटना की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी विभागीय अधिकारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Report-सोनू उनियाल

रश्मि सिंह मास कम्युनिकेशन में स्नातकोत्तर हैं और मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में व्यापक अनुभव रखती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ग्राउंड रिपोर्टिंग और कंटेंट लेखन से की तथा समय के साथ देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार चैनलों में कार्य किया। राजनीति, समसामयिक घटनाक्रम, उत्तर प्रदेश की खबरों, सामाजिक मुद्दों और मनोरंजन जगत की रिपोर्टिंग एवं विश्लेषण में उन्हें विशेष अनुभव प्राप्त है। डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया दोनों क्षेत्रों में काम करते हुए उन्होंने तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता को अपनी पहचान बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *