अधिकारियों की रेकी करने वाले दो गिरफ्तार

बेहट। अवैध खनन और खनिज परिवहन के विरुद्ध चल रहे चेकिंग अभियान के दौरान उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों की रेकी करने वाले दो युवकों को थार गाड़ी समेत पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। रात उपजिलाधिकारी सुबोध कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी शशि कुमार शर्मा और खनन निरीक्षक अभिलाष चौबे तहसील क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान बिना वैध प्रपत्रों के खनिज परिवहन करते एक वाहन और एक ओवरलोड वाहन को पकड़कर सीज किया गया।
एसडीएम सुबोध कुमार ने बताया कि रात करीब एक बजे तहसील गेट के सामने काले रंग की थार गाड़ी संख्या यूपी 11 सीआर 1112 खड़ी थी। गाड़ी में सवार व्यक्तियों से पूछताछ में उन्होंने अपना नाम राजिउर रहमान पुत्र ताजुल हसन निवासी ग्राम माहेश्वरी खुर्द और विशाल पुत्र अब्दुल समी निवासी ग्राम माहेश्वरी खुर्द बताया। शक होने पर उनके मोबाइल फोन की जांच की गई तो 'यार अनमुल्ले' नामक एक ग्रुप मिला।
इस ग्रुप में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की लोकेशन साझा की जा रही थी। ग्रुप पर एसडीएम बेहट और सीओ बेहट की लोकेशन को लेकर सतर्क रहने के संदेशों का आदान-प्रदान हो रहा था। दोनों आरोपियों को कोतवाली प्रभारी को सौंपा गया और उनके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर थार गाड़ी सीज कर दी गई। एसडीएम ने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।



